BREAKING NEWS
2026-07-31

गुटखा थूकने से रोकने पर नशेड़ी पति ने पत्नी पर उड़ेला खौलता तेल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

शहर के महाराजपुरा इलाके में एक नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। इस वारदात में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसके पूरे शरीर पर फफोले पड़ गए। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

आरोपित पति नशा करने का आदी है। वह शराब पीकर घर पहुंचा था। घर के अंदर गुटखा थूकने पर पत्नी का टोकना उसे नागवार गुजरा। इसी के चलते उसने यह वारदात की।

पीड़िता की पहचान दीनदयाल नगर निवासी 26 वर्षीय काजल वंशकार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से टीकमगढ़ के सतगंवा गांव की रहने वाली है। काजल अपने पति विपिन वंशकार के साथ ग्वालियर आई थी।

यहां दंपत्ति मजदूरी करते हैं। हालांकि, विपिन शराब का नशा करने का आदी है और सुबह से ही शराब पीना शुरू कर देता है। अब काजल ही मजदूरी कर अपने बच्चों को पाल रही है। यह परिवार झोपड़े में रहता है।

बीती रात विपिन शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। वह आते ही पत्नी को गालियां देने लगा और फिर घर के अंदर गुटखा थूकने लगा। पत्नी ने उसे टोका तो गुस्से में उसने पत्नी की बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

इतना ही नहीं, चूल्हे पर काजल की सास सब्जी बनाने के लिए तेल गरम कर रही थी। विपिन ने यह कढ़ाही उठाकर काजल पर उड़ेल दी। खौलता हुआ तेल उसके शरीर पर गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।

वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। यहां पहुंची पुलिस ने पीड़िता के कथन दर्ज किए। महाराजपुरा थाना पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।