बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के देवास नाका निवासी चंदर लोहार की तलावली चांदा निवासी सूरज जाट और भुरू यादव की गैंग द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। चंदर पर भुरू की गाय चुराने का आरोप लगाया गया था। उसके खिलाफ चोरी की रिपोर्ट भी लिखवा दी गई थी। लसूड़िया पुलिस ने गुरुवार रात भुरू यादव और नंदा नगर निवासी कुणाल यादव की गिरफ्तारी दर्शाई। पुलिस ने इन गिरफ्तारियों को मुखबिर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर होने का दावा किया है।
राजनीतिक संरक्षण के आरोप
कथित तौर पर, कुणाल भाजपा नेताओं से जुड़ा है और उसे भाजपा विधायक तथा उनके समर्थकों का संरक्षण प्राप्त है। दबाव बनाने पर अंकित यादव ने कुणाल का सरेंडर करवाया था। अंकित का रिश्तेदार बिट्टू भी इस वारदात में शामिल बताया जा रहा है। वारदात के बाद विधायक के इशारे पर थाने में सरेंडर कराया गया है। गाय चोरी के आरोप में युवक को पीट-पीटकर मारने वाले गुंडों को विधायक समर्थकों का संरक्षण मिल रहा था। पूछताछ में कथित तौर पर हिंदू संगठन से जुड़े नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। कुछेक पर लव जिहाद और गौ तस्करी की आड़ में अवैध वसूली करने का आरोप है। जांच में यह भी पता चला कि चंदर पर हमला करने वालों में कथित रूप से हिंदू संगठन का नेता बताने वाले कुछ आपराधिक तत्व भी शामिल थे।
मुख्य आरोपी सूरज जाट की तलाश
उधर, पुलिस सूरज जाट की तलाश में दबिश दे रही है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया है। पुलिस ने सूरज की पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
सूरज जाट की आपराधिक पृष्ठभूमि
सूरज जाट के बारे में पता चला है कि वह शराब ठेकेदारों से जुड़ा है। वह एमआर-10, लसूड़िया, कनाड़िया और पलासिया क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों को धमकाकर उनसे रुपये वसूलता है। सूरज ने करीब 100 युवकों की गैंग बना ली है। वह ठेकेदार से शराब न खरीदने वालों को अगवा तक कर लेता है। सूरज जाट के खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक केस दर्ज हैं। कुछ साल पूर्व उसने नंदा नगर में एक कांग्रेस नेता के घर भी हमला किया था। इस वारदात में भी सूरज को भाजपा नेताओं द्वारा पेश करवाया गया था।

