BREAKING NEWS
2026-08-02

इंदौर में आगामी सप्ताह छिटपुट बारिश, गर्मी और उमस रहेगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

शहर में आगामी सप्ताह में छिटपुट वर्षा ही होगी। ऐसे में शहरवासियों को गर्मी व उमस परेशान करेगी और छिटपुट वर्षा से ही संतोष करना होगा। सप्ताह के अंत में ही वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी। शनिवार को शहर के कुछ हिस्सों में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। शनिवार दोपहर में धूप निकली और हल्के बादल छाए रहे। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को शहर में बादल छाएंगे और बूंदाबांदी होने की संभावना है। दिन में गर्मी व उमस का अहसास होगा।

Advertisement

मौसमी सिस्टम और वर्षा की संभावना

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में जैसलमेर, दक्षिण पूर्व राजस्थान और उससे सटे क्षेत्र पर सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से इंदौर सहित पश्चिम मध्य प्रदेश में आगामी दिनों में हल्की वर्षा होगी। आगामी दिनों में सात व आठ अगस्त को बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बनेगा। इसके प्रभाव से पश्चिम मध्य प्रदेश सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी। आगामी दिनों में इंदौर में भले ही हल्की वर्षा हो, लेकिन प्रदेश में राजगढ़, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, श्योपुरकला सहित अन्य जिलों में इंदौर के मुकाबले वर्षा की गतिविधियां ज्यादा रहेगी।

तापमान वृद्धि और वर्षा की स्थिति

इंदौर में कम वर्षा होने के कारण दिन व रात के तापमान में एक से दो डिग्री का इजाफा होगा। इंदौर में बीते दो माह में औसत वर्षा का कोटा भी पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में अगस्त माह में होने वाली वर्षा से मानसून सीजन की औसत वर्षा की भरपाई होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगस्त माह में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है।