बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में सुपर कॉरिडोर से रेडिसन तक मेट्रो चलने का इंतजार जल्द ही समाप्त होगा। कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीएमआरएस) द्वारा मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए अगले एक सप्ताह में दूसरी बार एनओसी जारी की जाएगी।
इस एनओसी के बाद मेट्रो के कमर्शियल रन का रास्ता साफ हो जाएगा। मेट्रो के एमडी एस कृष्ण चैतन्य ने बताया कि सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहे के बीच मेट्रो का संचालन जल्द ही शुरू होगा।
एमडी द्वारा भूमिगत निर्माण स्थलों का निरीक्षण
एमडी कृष्ण चैतन्य ने रविवार सुबह छह बजे से लगभग तीन घंटे तक विभिन्न भूमिगत निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन से रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित भूमिगत मेट्रो मार्ग के अंतर्गत एयरपोर्ट, बीएसएफ कलानी नगर, रामचंद्र नगर, बड़ा गणपति, छोटा गणपति और नगर निगम मुख्यालय के पास बन रहे भूमिगत मेट्रो स्टेशनों के निर्माण कार्य का अवलोकन किया।
जनसुरक्षा एवं गुणवत्ता पर जोर
एमडी चैतन्य ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि भूमिगत मेट्रो निर्माण एक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसे जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने बड़ा गणपति एवं राजवाड़ा जैसे घनी आबादी वाले और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भूमिगत निर्माण को देखते हुए यातायात एवं जनसुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एमडी ने प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन एवं प्रबंधन व्यवस्था के साथ निर्माण से प्रभावित होने वाली उपयोगिताओं की शिफ्टिंग का कार्य भी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा।
टीबीएम लॉन्चिंग की तैयारियों की समीक्षा
एमडी चैतन्य ने रविवार को एयरपोर्ट स्थित भूमिगत मेट्रो स्टेशन पर उस स्थान का भी अवलोकन किया, जहां से टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) लॉन्च की जाएगी।
उन्होंने सिविल कार्यों, यूटिलिटी शिफ्टिंग, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

