बुलंद सोच, इंदौर।
साइबर ठग अब पर्यटन के नाम पर भी धोखाधड़ी करने लगे हैं, और इंदौर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है।
इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाली एक निजी कंपनी में कार्यरत युवती थाईलैंड यात्रा के नाम पर 47 हजार रुपये की ठगी का शिकार हुई।
युवती थाईलैंड ट्रिप के लिए सोशल मीडिया पर ऑफर तलाश रही थी, तभी उसने इंस्टाग्राम पर ‘द टूरिंग साइट्स’ नाम से एक ट्रिप का विज्ञापन देखा।
इसके बाद युवती के वॉट्सऐप पर ट्रिप की विस्तृत जानकारी और टिकट के शुल्क की सूचना भेजी गई।
ठगों ने जब संपर्क किया और टिकट की राशि अधिक बताई, तो युवती ने पहले बुकिंग से इनकार कर दिया था।
बाद में ठगों ने युवती को भारत से थाईलैंड के फुकेट तक जाने के लिए 36 हजार रुपये में टिकट कराने की पेशकश की। उन्होंने दावा किया कि उनका एयरलाइंस के साथ समझौता है, जिससे टिकट सस्ते में उपलब्ध होते हैं।
इतनी कम राशि में टिकट मिलने पर युवती को संदेह भी हुआ, लेकिन उसने ठगों के बताए एक खाते में पैसे जमा कर दिए।
ठगों ने युवती को इंदौर से दिल्ली के लिए भी टिकट का ऑफर दिया, जिसके लिए युवती ने 11 हजार रुपये ऑनलाइन खाते में जमा किए।
युवती ने कथित तौर पर लव गुप्ता नामक व्यक्ति के खाते में यह राशि जमा कराई थी।
पैसे जमा होने के बाद ठगों ने युवती को टिकट भेज दिए।
युवती थाईलैंड जाने की तैयारी करने लगी और 6 जुलाई को वह अपने टिकट लेकर हवाई अड्डे पहुंची, जहाँ उसे पता चला कि टिकट फर्जी हैं।
इसके बाद युवती ने ठगों के नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वे सभी बंद मिले।
ठगे जाने का एहसास होने पर युवती ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारियों ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

