BREAKING NEWS
2026-08-10

ग्वालियर-चंबल में 10 व 11 जुलाई को भारी बारिश के आसार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर और अंचल में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। शुक्रवार को ग्वालियर शहर सहित भितरवार, चीनोर, डबरा और घाटीगांव क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहा। ग्वालियर शहर में 9.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सुबह से लेकर दोपहर तक कभी तेज तो कभी मध्यम या रिमझिम बारिश होती रही, जिससे शहर सहित अंचल में मौसम सुहाना बना रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मानसून ट्रफ इस समय फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, लखनऊ, डेहरी, जमशेदपुर और कांटाई होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत देश के कुछ हिस्सों के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण जारी है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण ग्वालियर-चंबल में भी बारिश की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं।

Advertisement

आगामी दो दिनों तक अंचल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार व रविवार को शहर सहित अंचल में हल्की से मध्यम बारिश होगी। साथ ही, हवा की गति भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा से बहेगी।

हालांकि, 10 और 11 जुलाई को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में भारी बारिश के आसार हैं। अंचल में इन दो दिनों में एक बार फिर भारी बारिश की संभावना है।

शुक्रवार सुबह शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। शहर का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप नहीं निकली और दोपहर बाद रिमझिम बारिश भी बंद हो गई, इस वजह से लोग पार्कों व शहर में घूमने वाली जगहों पर नजर आए।

शहर में लगातार बारिश हो रही है, इस वजह से सड़कों सहित बस्तियों में पानी भरा हुआ है। सड़कों पर बारिश का पानी होने से गड्ढे हो रहे हैं, जिनकी वजह से शहर की सड़कों पर दुपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। निगम ने जहां-जहां बारिश से पहले पैचवर्क कराया था, वह पैचवर्क बारिश के साथ बह गया है और सड़कों के ‘जख्म’ बाहर आ गए हैं।