बुलंद सोच, जबलपुर।

स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा शासकीय विज्ञान महाविद्यालय (स्वशासी) में ‘डिजिटल अवेयरनेस एंड साइबर सिक्योरिटी’ विषय पर अल्पकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आगामी दो से तीन माह तक डिजिटल जागरूकता, साइबर सुरक्षा और आवश्यक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा, जो उनके कौशल विकास और रोजगार के अवसरों में उपयोगी होगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा सक्सेना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को इसका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में डिजिटल कौशल विद्यार्थियों के करियर के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान उन्नति यूएनएक्सटी फाउंडेशन एवं महाविद्यालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। आयुष पटवा ने विद्यार्थियों को साफ्ट स्किल्स और कम्युनिकेशन स्किल्स के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने संस्था की ओर से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और प्लेसमेंट/जाब के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।
प्लेसमेंट सेल की कन्वीनर डॉ. राजश्री कपूर ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और विद्यार्थियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनिता रतौनिया ने किया, जबकि डॉ. प्रीति पांडेय ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. उषा मसराम, डॉ. ज्ञानेश पांडेय, डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. मनोज कुमार विश्वकर्मा, मनीष मौर्य सहित प्लेसमेंट सेल के सदस्यों का सहयोग रहा।

