BREAKING NEWS
2026-08-12

मध्यप्रदेश में 233 नए डेंटल सर्जन की भर्ती प्रक्रिया शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्यप्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 233 नए डेंटल सर्जन की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन सभी का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के माध्यम से हुआ है। विभाग ने चयनित डॉक्टरों को नियुक्ति से पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि

चयनित सभी डेंटल सर्जन को 10 अगस्त शाम पांच बजे तक विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा। इसके लिए पोर्टल पर जाकर निर्धारित जानकारी दर्ज करनी होगी। तय समय सीमा में रजिस्ट्रेशन नहीं कराने पर संबंधित अभ्यर्थी की नियुक्ति रद्द मानी जाएगी।

पोस्टिंग और काउंसलिंग प्रक्रिया

चयनित डेंटल सर्जन की पोस्टिंग प्रदेश के जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध खाली पदों के आधार पर की जाएगी। किस डॉक्टर को किस स्थान पर भेजा जाएगा, इसका निर्णय ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए होगा। काउंसलिंग की तारीख और लिंक भी विभाग के पोर्टल पर जारी किए जाएंगे।

पति-पत्नी को एक जिले में पोस्टिंग का विकल्प

यदि पति और पत्नी दोनों का चयन इस बार डेंटल सर्जन के पद पर हुआ है, तो उन्हें एक साथ पोस्टिंग का विकल्प दिया जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन फार्म में दोनों को अपनी संबंधित जानकारी साथ में भरनी होगी। विभाग का प्रयास रहेगा कि दोनों की पोस्टिंग एक ही जिले में हो, ताकि परिवार साथ रह सके।

गलत जानकारी पर कार्रवाई और नियुक्ति रद्द होने के नियम

विभाग ने स्पष्ट किया है कि रजिस्ट्रेशन फार्म में गलत जानकारी देने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियुक्ति आदेश मिलने के बाद बिना सूचना के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर भी नियुक्ति रद्द की जा सकती है।

सेवाओं में सुधार की उम्मीद

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 233 नए डेंटल सर्जन की नियुक्ति से प्रदेश के जिलों में सर्जरी और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।