बुलंद सोच, इंदौर।

मध्यप्रदेश में इस वर्ष मानसून की बेरुखी जारी है। प्रदेश में अब तक औसत से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में औसत से 20 प्रतिशत और पश्चिमी मध्यप्रदेश में 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
वर्षा की कमी का असर इंदौर संभाग के अधिकांश जिलों में भी दिखाई दे रहा है। बुरहानपुर, खरगोन और देवास को छोड़कर संभाग के ज्यादातर जिलों में मानसून सीजन की बारिश औसत से कम है।
प्रभावी मानसून सिस्टम नहीं होने के कारण अगले सप्ताह भी इंदौर संभाग के जिलों को छिटपुट वर्षा से संतोष करना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य में उज्जैन और आलीराजपुर जिलों में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। फिलहाल पूर्वी मध्यप्रदेश में ही बारिश का जोर बना हुआ है।
सक्रिय मौसम प्रणालियां
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के अनुसार, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून द्रोणिका बीकानेर, ग्वालियर होते हुए कम दबाव के मध्य क्षेत्र से पुरी और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
इसके अलावा अफगानिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ बना है। दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवात भी सक्रिय है।
इनके प्रभाव से पूर्वी मध्यप्रदेश में अच्छी वर्षा हो रही है।
भारी वर्षा वाले क्षेत्र
शनिवार को प्रदेश में सात जगह अति भारी और 19 जगह भारी वर्षा हुई।
पूर्वी मध्यप्रदेश के डिंडोरी, अनूपपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट और मंडला जिले इसमें शामिल रहे।
पश्चिमी मध्यप्रदेश में रायसेन, विदिशा और गुना में भारी वर्षा हुई।
इंदौर जिले में वर्षा की स्थिति
इंदौर जिले में अब तक औसत से 10 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
इंदौर शहर में इस मानसून सीजन में अब तक 400 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 133.2 मिमी कम है।
संभाग के जिलों में वर्षा की स्थिति
बुरहानपुर में 586.7 मिमी (औसत से 37 प्रतिशत अधिक), खरगोन में 464.9 मिमी (औसत से 9 प्रतिशत अधिक) और देवास में 565.2 मिमी (औसत से 5 प्रतिशत अधिक) वर्षा दर्ज की गई है।
शाजापुर में 324 मिमी (औसत से 39 प्रतिशत कम), धार में 333.7 मिमी (औसत से 31 प्रतिशत कम), आलीराजपुर में 286.9 मिमी (औसत से 45 प्रतिशत कम), झाबुआ में 409 मिमी (औसत से 22 प्रतिशत कम), नीमच में 351.7 मिमी (औसत से 21 प्रतिशत कम), उज्जैन में 414.9 मिमी (औसत से 21 प्रतिशत कम), इंदौर में 451.4 मिमी (औसत से 10 प्रतिशत कम) और खंडवा में 453.2 मिमी (औसत से 4 प्रतिशत कम) वर्षा हुई है।
इंदौर जिले की तहसीलों में वर्षा
इंदौर वर्षामापी केंद्र में 400 मिमी, महू में 299 मिमी और सांवेर में 414.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
देपालपुर में 501.1 मिमी, गौतमपुरा में 738.5 मिमी और हातोद में 355 मिमी वर्षा हुई है।
इंदौर जिले की औसत वर्षा 451.3 मिमी रही।

