BREAKING NEWS
2026-10-17

मध्य प्रदेश में 103 पंचायत पदों पर मतदान जारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

मध्य प्रदेश में आज 103 पंचायत पदों के लिए मतदान हो रहा है। प्रदेश में पंच, सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों के कुल 4,235 पदों पर उपचुनाव होने थे। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जबकि बड़ी संख्या में पदों पर नामांकन दाखिल नहीं हुए। कुछ पद न्यायालय की रोक के कारण मतदान से बाहर हैं।

Advertisement

पंच पदों की स्थिति

पंच के कुल 4,091 पदों पर उपचुनाव होना था। इनमें से 604 पदों पर पंच निर्विरोध चुने गए, जबकि 3,480 पदों पर किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। अब केवल 4 पंच पदों पर मतदान हो रहा है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रदेश में पंच के करीब 3 हजार पद सामान्य तौर पर हमेशा खाली रहते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में पदों पर नामांकन नहीं होने के कारण वहां चुनाव नहीं हो सका।

अनूपपुर जिले में पंच पदों का विवरण

पंचायत उप निर्वाचन 2026 के तहत अनूपपुर जिले की चारों जनपद पंचायतों अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी और पुष्पराजगढ़ में पंच के 13 पद रिक्त थे। नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक 9 पदों के लिए एक-एक आवेदन ही प्राप्त हुआ, इसलिए इन पदों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।

जनपद पंचायत अनूपपुर में देवरी, छिल्पा, मुड़धोबा और आमाडांड की 6 रिक्त पंच सीटों के लिए 6 आवेदन प्राप्त हुए। प्रत्येक सीट के लिए एक-एक आवेदन आया।

जनपद पंचायत जैतहरी की पिपरिया और क्योंटार ग्राम पंचायतों में रिक्त 2 पंच पदों के लिए भी एक-एक आवेदन प्राप्त हुआ।

वहीं, जनपद पंचायत अनूपपुर के अलावा कोतमा की विचारपुर ग्राम पंचायत में रिक्त एक पंच पद के लिए कोई नामांकन नहीं आया।

पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत की गिरारी, इटौर, बेंदी और बिजौरा ग्राम पंचायतों में 4 पंच पद रिक्त थे। इनमें केवल इटौर से एक आवेदन प्राप्त हुआ, जबकि गिरारी, बेंदी और बिजौरा में किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।

इस तरह जिले में रिक्त 13 पंच पदों में से 9 पर एक-एक उम्मीदवार होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन होगा, जबकि 4 पदों पर कोई नामांकन नहीं आने से ये पद रिक्त रहेंगे।

सरपंच पदों पर मतदान

सरपंच के 110 पदों पर उपचुनाव होना था। इनमें 21 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जबकि 4 पदों पर न्यायालय से स्थगन है। अब 79 सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।

जनपद और जिला पंचायत सदस्य

जनपद पंचायत सदस्य के कुल 28 पदों पर उपचुनाव होना था। इनमें 12 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। अब 15 पदों पर मतदान हो रहा है। एक पद की स्थिति मतदान वाली श्रेणी में नहीं है।

जिला पंचायत सदस्य के 7 पदों पर उपचुनाव होना था। इनमें रायसेन के 2 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। अब 5 पदों के लिए मतदान हो रहा है।

सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद

आगर-मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए भी आज मतदान कराया जा रहा है। सुसनेर में बीजेपी ने प्रदीप सोनी और कांग्रेस ने विष्णु पाटीदार को उतारा है।

मतगणना और परिणामों की घोषणा

सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए ईवीएम से होने वाली मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पर होगी।

इसी दिन सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला पंचायत सदस्य के परिणाम 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे और पंच पद के परिणाम भी इसी दिन घोषित किए जाएंगे।