बुलंद सोच, उज्जैन।

उज्जैन में सोमवार को शाही मस्जिद को तोड़ने के दौरान हुए उपद्रव को लेकर पुलिस ने कुल 8 एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है। ये एफआईआर महाकाल, खाराकुंवा और कोतवाली थानों में दर्ज की गई हैं।
एक एफआईआर में 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साजिद खान, इमरान खान, गुलरेज खान, बिल्लू पठान और आरिफ पठान शामिल हैं। इन पर लगातार रील्स बनाकर लोगों को उकसाने का आरोप है। इन रील्स के माध्यम से अपील की गई कि जेसीबी पहुंच चुकी है और जल्द से जल्द मस्जिद पहुंचें। बीते एक हफ्ते में ऐसे कई उकसाने वाले वीडियो साझा किए गए।
दूसरी एफआईआर में बाहर से आकर शहर में अशांति फैलाने की कोशिश के आरोप में कुछ लोगों के नाम हैं। ये लोग दूसरे शहर से उज्जैन आए थे और उन्हें पकड़कर उज्जैन आने के उद्देश्य को लेकर पूछताछ की जा रही है।
तीसरी एफआईआर काजी के घर पर हुए हमले के मामले में दर्ज की गई है। इसमें तीन नामजद और अन्य आरोपी शामिल हैं, जिन्होंने उनके घर जाकर नारेबाजी की थी।
मस्जिद बचाने के लिए एक हफ्ते पहले से मुस्लिम समाज से जुड़े कई इन्फ्लुएंसर्स वीडियो पोस्ट कर रहे थे। इसके बाद प्रदेशभर में सोशल मीडिया पर मस्जिद बचाने की मुहिम शुरू हो गई। इस दौरान एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी का एक वीडियो भी वायरल हुआ।
रविवार रात मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद में एकत्रित हुए तो यह खबर प्रदेशभर में फैल गई। सोमवार सुबह 8 बजे मस्जिद तोड़ने की खबर फैलते ही पुलिस ने बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखना शुरू कर दिया। देवास रोड पर पुलिस ने 5 लोगों को पकड़ा, जिनके बारे में पुलिस का अनुमान है कि ये शहर में आकर यहां की फिजा बिगाड़ना चाहते थे।
पिछले सात दिनों से सोशल मीडिया पर चल रही मुहिम के बाद उज्जैन में हुए उपद्रव को लेकर यह सवाल उठ रहा है कि कहीं यह पहले से की गई प्लानिंग का हिस्सा तो नहीं था।
मुस्लिम समाज ने बिना अनुमति के शाही मस्जिद, छत्री चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी भी की गई।
साजिद खान (इंस्टाग्राम आईडी sajid_khan_0001) निवासी पटवा बाखल ने एक रील बनाकर अपलोड की, जिसमें उन्होंने कहा कि पुलिस जेसीबी लेकर आ चुकी है और शाही मस्जिद के पास सभी लोग जल्दी से जल्दी पहुंचें।
इमरान खान (इंस्टाग्राम आईडी ammu_x2) निवासी मोचीवाड़ा ने 27 सितंबर 2026 को अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर लिखा था कि ज्यादा से ज्यादा तादाद में छत्री चौक में शिरकत करो। उन्होंने मध्य प्रदेश की सरकार पर ‘नाकारा’ होने और ‘फुल प्लानिंग’ करने का आरोप लगाया था, साथ ही ‘अल्लाह से हिफाजत’ की दुआ की थी।
युवक आरिफ पठान ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी (arif_pathan_307) पर साझा किए गए वीडियो में लोगों से रात 2 बजे ज्यादा से ज्यादा संख्या में मस्जिद में आने का आग्रह किया था।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर गलत संदेश और वीडियो भेजने को लेकर धारा 196 (1), 299, 353(2) और 3(5) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की है।
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि कुछ लोग दूसरे शहर से आकर दंगे करवाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि मुस्लिम समाज के सभी धर्मगुरुओं से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया कि मुस्लिम कमेटी ही मस्जिद को स्वयं तोड़ेगी।
एसपी शर्मा के अनुसार, ढाई हजार से ज्यादा पुलिस बल पूरे इलाके में तैनात किया गया था और अगली शिफ्ट में भी उतना ही बल तैनात रहेगा।
पूरे घटनाक्रम को लेकर आठ एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें 5 एफआईआर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ और तीन आज के घटनाक्रम से संबंधित हैं।
सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद का सड़क सीमा में आ रहा साढ़े 3 फीट हिस्सा हटाने पर नगर निगम और मस्जिद कमेटी के बीच पहले ही सहमति बन चुकी थी। समझौते के तहत प्रभावित हिस्सा हटाने के बदले मस्जिद प्रबंधन को अतिरिक्त निर्माण का लाभ दिया जाना था, जिससे मस्जिद और मीनार का जरूरी निर्माण किया जा सके।
सोमवार को इसी सहमति के तहत कार्रवाई शुरू हुई, लेकिन मौके पर विवाद और पथराव हो गया।
नुमाइंदा कमेटी के सदस्य फहीम सिकंदर ने बताया कि कोर्ट का डिसीजन अब तक प्राप्त नहीं हुआ है और उसमें किस तरह का आदेश दिया गया है, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि अभी सिर्फ इतना आदेश आया था कि शाही मस्जिद के ऊपर से काम लगाकर उसे उतारना शुरू कर दें।
सिकंदर के अनुसार, प्रशासन की तरफ से कोई जेसीबी नहीं लगाई गई है। उन्होंने सिंहस्थ के बड़े पर्व का जिक्र करते हुए कहा कि उसके लिए बहुत काम करने हैं और उनका पूरा सहयोग रहेगा।
उन्होंने बताया कि यह मीनार आरबीसी की बनी हुई है और आरबीसी का निर्माण जरा-सा में बिखर सकता है। कमेटी को सात-आठ दिन का समय दिया गया है, जिसमें दो-चार दिन ऊपर-नीचे होने पर कोई समस्या नहीं है। तोड़ना है, तो तोड़ना शुरू कर दिया है और अभी 9 फीट पर निशान लगाया गया है।
उज्जैन में गोपाल मंदिर से कंठाल चौराहे के बीच सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद का साढ़े 3 फीट हिस्सा हटाने पर मस्जिद कमेटी पहले ही सहमत थी। सड़क सीमा में आ रहे हिस्से को हटाने के लिए नगर निगम और मस्जिद प्रबंधन के बीच समझौता हो चुका है और इसी के तहत आगे कार्रवाई होगी।
गोपाल मंदिर से कंठाल चौराहे तक करीब 730 मीटर सड़क की मौजूदा चौड़ाई 12 मीटर है, जिसे 15 मीटर किया जाना है।

