BREAKING NEWS
2026-08-10

प्राशर आश्रम: सावन में शिव मंदिर और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों की पहली पसंद

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

भगवान शिव की भक्ति के पवित्र सावन मास में इंदौर और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी चहल-पहल देखी जा रही है। इन्हीं में से एक बेहद खूबसूरत और रमणीय स्थल प्राशर आश्रम है। इंदौर के निकट स्थित यह स्थान न केवल धार्मिक आस्था और शिव भक्ति का केंद्र है, बल्कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। चारों ओर से हरी-भरी पहाड़ियों से घिरी प्राशर झील और समीप ही स्थित भगवान शिव का प्राचीन मंदिर यहां आने वाले हर पर्यटक का दिल जीत लेता है। सावन के इस पावन महीने में यहां विशेष मेले का आयोजन भी हो रहा है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु और प्रकृति प्रेमी पहुंच रहे हैं।

पिकनिक और पारिवारिक भ्रमण के लिए उत्तम स्थल

राइड्स ऑफ राइडर्स ग्रुप के एडमिन ज्ञानदीप श्रीवास्तव ने अपने हालिया भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए बताया कि इंदौर के आसपास वीकेंड पर परिवार या दोस्तों के साथ जाने के लिए यह सबसे बेहतरीन जगह है। यहां की अद्भुत झील का साफ़ पानी, शांत वातावरण और प्राकृतिक नजारे शहर की भागदौड़ से दूर सुकून का अहसास कराते हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीण और पर्यटक यहाँ अक्सर पिकनिक मनाने आते हैं। परिसर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भजन-संध्या का शेड तथा अन्य सुविधाएँ उपलब्ध हैं। लोग यहां आकर खुद खाना पकाते हैं और दाल-बाटी चूरमा के साथ सावन के मौसम का आनंद लेते हैं।

Advertisement

प्राशर आश्रम तक पहुंचने का मार्ग

इंदौर शहर से प्राशर आश्रम पहुंचना बेहद आसान और सुगम है। पलासिया चौराहे से प्राशर आश्रम की कुल दूरी 36 किलोमीटर है। पलासिया से नेमावर रोड पर 31 किलोमीटर की दूरी तय कर आप डबल चौकी पहुंचेंगे। इसके बाद डबल चौकी से दाहिने हाथ पर मुड़कर लगभग 4 किलोमीटर चलने पर मुख्य मार्ग पर ही जनकपुर गांव आता है। जनकपुर गांव से 1 किलोमीटर अंदर जाने पर यह भव्य प्राशर झील, शिव मंदिर और सुंदर आश्रम स्थित है। डबल चौकी से आश्रम की कुल दूरी 5 किलोमीटर है।