BREAKING NEWS
2026-07-29

रैपर बादशाह की पत्नी ईशा रिखी ने तलाक का संकेत दिया, बोलीं- उनके पावर के डर से चुप थी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

पॉपुलर सिंगर और रैपर बादशाह की दूसरी शादी में अनबन की खबरें लगातार बढ़ रही हैं। उनकी पत्नी ईशा रिखी ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट में तलाक का संकेत दिया है। ईशा ने लिखा है कि वह अब तक बादशाह के ‘पावर’ के डर से चुप थीं, लेकिन अब और दिखावा नहीं कर सकतीं।

Advertisement

ईशा रिखी ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “कुछ लड़ाइयां ऐसी भी होती हैं, जिनके जख्म बाहर दिखाई नहीं देते। मैं बहुत लंबे समय तक चुप रही, क्योंकि मैं डरी हुई थी।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता था कि मेरे पति के पास इतना इन्फ्लूएंस, पावर और रीसोर्स हैं कि उनके सामने मैं कुछ नहीं कर पाऊंगी। मैंने खुद को यही समझा लिया था कि चुप रहना ही मेरे लिए सबसे सुरक्षित रास्ता है।”

ईशा ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा, “चुप्पी कभी स्वीकार नहीं की जाती, वह सिर्फ अपने अस्तित्व को बचाने की कोशिश थी। आज मैं डर नहीं, बल्कि हिम्मत को चुन रही हूं।” उन्होंने कहा कि शायद वह अभी पूरी कहानी बताने के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन अब वह यह दिखावा करना बंद करने के लिए तैयार हैं कि सब कुछ ठीक था।

इस रहस्यमय पोस्ट से कुछ दिन पहले ही ईशा ने बादशाह के साथ कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे। तब उन्होंने लिखा था, “कुछ तूफान, सबक लेकर आता है और हर दुआ उम्मीद।” ईशा की इस पोस्ट पर उनकी करीबी दोस्त जैस्मिन भसीन ने टिप्पणी कर उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दी थी।

ईशा रिखी की पोस्ट सामने आने के बाद कई करीबी और दोस्त उनके समर्थन में पोस्ट साझा कर रहे हैं। एक करीबी ने लिखा, “तुम जिस दौर से गुजर हो और अब भी गुजर रही हो, उसकी मैं गवाह हूं। मैं और तुम्हारे करीब रहने वाले बाकी लोग जानते हैं कि तुमने हर मुश्किल का सामना ईमानदारी, सच्चाई और पूरे आत्मसम्मान के साथ किया है। मजबूत बनी रहो, ईशा रिखी। हम तुम्हारे साथ हैं, और सच के साथ भी।”

वहीं, एक अन्य करीबी ने लिखा, “स्ट्रॉन्ग रहो, डर कर नहीं।” एक और करीबी ने ईशा को “बहुत स्ट्रॉन्ग और सुंदर” बताया।

सिंगर और रैपर बादशाह ने मार्च 2026 में ईशा से गुपचुप शादी की थी। इस निजी शादी में केवल कपल के करीबी ही शामिल हुए थे। बादशाह ने इस शादी को राज रखा था, हालांकि ईशा रिखी ने सोशल मीडिया पर रोमांटिक तस्वीरें पोस्ट कर इसकी पुष्टि की थी।

ईशा ने एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए बादशाह को ‘पति देव’ कहा था। इससे पहले, ईशा की मां ने उनकी और बादशाह की शादी की तस्वीरें पोस्ट कर सोशल मीडिया पर दोनों को शुभकामनाएं दी थीं।

बादशाह ने साल 2012 में जैस्मिन मसीह से शादी की थी। 2017 में बादशाह एक बेटी के पिता बने, लेकिन तीन साल बाद उनका तलाक हो गया।

तलाक के छह साल बाद बादशाह ने ईशा से दूसरी शादी की है। बादशाह ने फिलहाल कभी अपनी शादी पर सार्वजनिक रूप से बात नहीं की है।