BREAKING NEWS
2026-10-17

रतलाम कलेक्टर के नाम और फोटो से फर्जी व्हाट्सएप संदेश

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रतलाम।

रतलाम में कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप नंबर 639615402077 से कई लोगों को संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया है। यह मोबाइल नंबर कलेक्टर अजय कटेसरिया का अधिकृत नंबर नहीं है। मंगलवार दोपहर महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी समेत कई अधिकारियों के मोबाइल पर विदेशी नंबर से मैसेज भेजे गए। मैसेज जिस नंबर 639615402077 से भेजे गए, उस पर कलेक्टर अजय कटेसरिया की रतलाम वाली फोटो लगी है और नंबर पर फिलीपिंस का नाम भी दिखाई दे रहा है। मैसेज की जानकारी कलेक्टर को दी गई तो पता चला कि यह उनका अधिकृत मोबाइल नंबर नहीं है।

Advertisement

कलेक्टर की अपील और पुलिस को सूचना

मामले की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पुलिस को इसकी सूचना दी। कलेक्टर ने नागरिकों तथा जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की है कि उक्त नंबर अथवा किसी अन्य अनधिकृत नंबर से उनके नाम, फोटो या पद का उपयोग करते हुए कोई संदेश प्राप्त हो तो उस पर विश्वास नहीं करें। उन्होंने कहा कि ऐसे मैसेज के जरिए पैसों की मांग या किसी अन्य तरह की धोखाधड़ी की जा सकती है। उन्होंने इस नंबर से प्राप्त किसी भी संदेश, काल या पैसों की मांग पर प्रतिक्रिया नहीं देने तथा बैंक खाते, यूपीआई या किसी अन्य माध्यम से राशि का भुगतान नहीं करने की अपील की है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने यह भी बताया कि साइबर अपराधी अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम और फोटो का उपयोग कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त संदेश की सत्यता की पुष्टि किए बिना व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी विवरण, ओटीपी, पासवर्ड या राशि साझा नहीं करें। यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है तो वह सतर्क रहते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दे तथा साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल उचित साइबर शिकायत दर्ज कराए।