BREAKING NEWS
2026-10-17

रीवा: जच्चा-बच्चा मौत मामले में एफआईआर की मांग, परिजनों ने बीहर नदी में जल सत्याग्रह शुरू किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रीवा।

बीती 26 अगस्त को गांधी मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में एफआईआर की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। मृतका के पिता के समर्थकों ने बीहर नदी के तट पर अनिश्चितकालीन जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है। आंदोलनकारी नदी के पानी में उतरकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।

घटना का विवरण और मांगें

आंदोलनकारियों का कहना है कि जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में केवल विभागीय कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर समर्थक बीहर नदी में उतरकर विरोध जता रहे हैं। ज्ञात हो कि 26 अगस्त को गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई किए जाने के बावजूद परिजनों और समर्थकों का विरोध थमा नहीं है।

Advertisement

आंदोलन जारी रखने का संकल्प

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तब तक उनका जल सत्याग्रह जारी रहेगा। समर्थकों का कहना है कि उनका उद्देश्य मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। इस आंदोलन के बाद प्रशासन के सामने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर कार्रवाई करने की चुनौती बढ़ गई है और मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।