BREAKING NEWS
2026-08-10

सागर में 400 रुपये किलो में मिलावटी घी बेचते युवक गिरफ्तार; डॉक्टरों की सतर्कता से पकड़ा गया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

मोतीनगर स्थित शासकीय संभागीय पशु चिकित्सालय में मिलावटी घी बेचने पहुंचे एक युवक को डॉक्टरों की सतर्कता के कारण पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घी के नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

Advertisement

अस्पताल के एक कर्मचारी ने आरोपी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम आमेठ निवासी जितेंद्र घोषी नामक एक युवक शुक्रवार को शासकीय पशु चिकित्सालय पहुंचा और वहां मौजूद डॉक्टरों से घी खरीदने की बात करने लगा। उसने एक किलोग्राम घी 400 रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया।

अस्पताल में पदस्थ डॉ. अनुज शर्मा ने घी को देखा तो उसकी गुणवत्ता संदिग्ध लगी। इस पर उन्होंने तत्काल मोतीनगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शीतल सिंह भी मोतीनगर थाने पहुंचे और आरोपी के पास मिले घी के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. शर्मा ने अपने लिखित आवेदन में बताया कि कुछ दिन पहले इसी युवक ने उन्हें तथा अस्पताल में पदस्थ एवीएफओ डॉ. शिखा भारतीय को दो-दो किलोग्राम घी 600 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा था। बाद में घी की गुणवत्ता पर संदेह होने पर उसकी जांच कराई गई, जिसमें मिलावट की आशंका सामने आई।

शिकायतकर्ता ने आवेदन के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। शिकायत में मांग की गई है कि घी के नमूनों की प्रयोगशाला से जांच कराई जाए, मिलावट की पुष्टि होने पर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा खरीदे गए घी की राशि वापस दिलाई जाए।

एक अन्य घटनाक्रम में, भोपाल में नामी ब्रांडेड घी के नमूनों में बड़ी गड़बड़ी पाई गई है। गोवर्धन, द्वारकेश और धौलपुर फ्रेश ब्रांड के घी एफएसएसएआई (FSSAI) मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिसकी कम कीमत से भी शंका उत्पन्न हुई थी।