BREAKING NEWS
2026-10-17

शहडोल में भारी बारिश से बाणसागर बांध के 12 गेट खुले, 7243 क्यूमेक्स जल छोड़ा गया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बाणसागर बांध के कैचमेंट एरिया में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। बाणसागर मुख्य बांध के कैचमेंट में लगातार मूसलाधार वर्षा से बांध में जल आवक में तेजी आई है। पूर्ण भराव जलस्तर बनाए रखने के लिए 26 सितंबर को सुबह 11:30 बजे बांध के डिस्चार्ज में बड़ी बढ़ोतरी की गई। पहले से खुले 8 रेडियल गेट क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12 एवं 13 की ओपनिंग को 2.00 मीटर से बढ़ाकर 3.00 मीटर कर दिया गया। इसके साथ ही, 4 नए गेट क्रमांक 4, 5, 14 एवं 15 को भी 3.00 मीटर तक खोला गया। इस तरह कुल 12 रेडियल गेटों से स्पिलवे के माध्यम से 7243 क्यूमेक्स जल का डिस्चार्ज हो रहा है। पावर हाउस क्रमांक-03 सहित बाणसागर बांध से सोन नदी में छोड़े जा रहे जल का कुल प्रवाह अब बढ़कर 7417.23 क्यूमेक्स हो गया है। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कैचमेंट में वर्षा जारी रही और आवक और बढ़ी तो डिस्चार्ज को और भी बढ़ाया जा सकता है।

Advertisement

डाउनस्ट्रीम में अलर्ट जारी

मुख्य अभियंता, गंगा कछार जल संसाधन विभाग द्वारा समस्त मैदानी अमले को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। बाणसागर बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में सोन नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों, शहडोल, ब्यौहारी, सोहागपुर सहित सोन तट पर रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। प्रशासन ने लोगों से किसी भी स्थिति में नदी में न उतरने का आग्रह किया है।