मध्य प्रदेश सरकार ने युवाओं और आमजनों की समस्याओं के त्वरित निदान हेतु ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक में बताया कि यह अभियान हर शुक्रवार को चलेगा, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, कलेक्टर और अन्य मैदानी अधिकारी फील्ड में जाकर सीधे लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं की सीधी मॉनिटरिंग और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना है। यह अभियान सात अगस्त से शुरू होकर अगले साल 8 जनवरी तक चलेगा, जिसमें 20 प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
सागर जिले के 46 वर्षीय किसान ब्रह्मानंद सिंह ठाकुर की भोपाल के कोलार स्थित एक निजी अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, उन्हें आयुष्मान कार्ड पर मुफ्त इलाज का झांसा देकर 12 जुलाई को दलाल बाबू भाई खान और डॉ. सुरेंद्र यादव भोपाल लाए थे। पैर में रॉड डली होने के कारण ऑपरेशन की सलाह दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि दूसरी यूनिट ब्लड चढ़ाते ही उनकी तबीयत बिगड़ी और आईसीयू में मौत हो गई। खुरई शहरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।