आलमपुर नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने वेतन और दस साल के लंबित एरियर का भुगतान न होने पर मंगलवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने नगर परिषद कार्यालय के सामने कचरा डालकर विरोध जताया, जिससे दीपावली से पहले नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें कई महीनों से वेतन नहीं मिला है और परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है। सीएमओ प्रदीप ताम्रकार ने 6 नवंबर को वेतन भुगतान का आश्वासन दिया है, लेकिन नगर परिषद की खराब आर्थिक स्थिति के कारण एरियर का भुगतान अगले महीने तक टाल दिया गया है।