भारत और उज्बेकिस्तान ने रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, माइनिंग, शिक्षा और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। नई दिल्ली में सोमवार को हुई बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार सैदोव ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान नेताओं ने क्षेत्रीय चुनौतियों और बहुपक्षीय सहयोग पर भी अपने विचार साझा किए। उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री सैदोव इन दिनों भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
भारत के मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश और उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के बीच विश्व शतरंज चैंपियनशिप का फाइनल 25 नवंबर से 15 दिसंबर तक स्विट्जरलैंड के जेनेवा में खेला जाएगा। यह इतिहास का सबसे युवा फाइनल होगा, क्योंकि मैच शुरू होने पर दोनों खिलाड़ी 20 साल के होंगे। गुकेश ने दिसंबर 2024 में चीन के डिंग लिरेन को हराकर खिताब जीता था, जबकि सिंदारोव ने कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 जीतकर चुनौती पेश करने का अधिकार हासिल किया है। मैच में 14 क्लासिकल गेम खेले जाएंगे, जिसमें 7.5 अंक हासिल करने वाला विजेता होगा।