इंदौर में लगभग 8 करोड़ रुपये के शासकीय धन के गबन से जुड़े मामले में रावजी बाजार थाना पुलिस ने सर्वहारा नगर, परदेशीपुरा निवासी मनोज उर्फ हल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सह-आरोपी रंजीत ने मनोज के बैंक खाते में 13 लाख 72 हजार रुपये स्थानांतरित किए थे। यह घोटाला जिला कोषालय के फर्जी स्वीकृति आदेशों से अंजाम दिया गया था, जिसमें पात्र हितग्राहियों के स्थान पर निजी बैंक खातों में शासकीय राशि ट्रांसफर की गई थी। आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे राशि के उपयोग तथा अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में पूछताछ जारी है।