ग्वालियर सोमवार को मध्य प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री अधिक है। शहर में लगातार दूसरे दिन आंशिक बादल और तेज धूप के साथ भीषण उमस ने लोगों को परेशान किया। खजुराहो 34 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। पिछले दो दिनों से मानसून ब्रेक के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि मंगलवार सुबह से बादल छाए रहे पर वर्षा नहीं हुई।
उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के आसपास बने लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा का सिलसिला जारी है। मंगलवार शाम तक गुना में 85 मिलीमीटर और खंडवा में 58 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते इंदौर, भोपाल और जबलपुर समेत कई शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन सहित लगभग सभी प्रमुख जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 15 अगस्त से पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी वर्षा का दौर फिर से शुरू होने की संभावना है।
ग्वालियर अंचल में 9 से 15 अगस्त के दौरान मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग ने इस अवधि में ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ मध्यम से तेज वर्षा और वज्रपात की संभावना जताई है। सप्ताह के शुरुआती दिनों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, जबकि सप्ताहांत तक मौसम में हल्की नरमी आ सकती है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, साथ ही उच्च आर्द्रता के कारण उमस महसूस हो सकती है।