धार रोड पर चंदन नगर फ्लायओवर परियोजना की सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। फ्लायओवर के रास्ते में आ रही पानी और सीवरेज की पाइपलाइनों को हटाने के लिए नगर निगम ने टेंडर फाइनल कर दिया है। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने इस कार्य के लिए नगर निगम को लगभग 3 करोड़ रुपए दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अगले 15 दिन में वर्क ऑर्डर जारी होगा और मानसून के बाद अगस्त में मैदानी काम शुरू होगा। आईडीए ने फ्लायओवर निर्माण के लिए एक वर्ष की समय सीमा तय की है, जिसका लक्ष्य सिंहस्थ से पहले पूरा करना है, ताकि उज्जैन ट्रैफिक को सुगम मार्ग मिल सके।
इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को कांवड़ियों ने विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग चंदन नगर थाने पहुंचे और मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस ने जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।