सोमवार रात इटारसी के मेहरागांव से सटे नाला मोहल्ला और भगत सिंह नगर में एक पागल सियार घुस आया, जिसने करीब एक दर्जन लोगों को घायल कर दिया। हमले में 55 वर्षीय कौशल्या बाई प्रजापति के चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आईं, उन्हें 10 टांके लगाए गए। अन्य घायलों में शकील अहमद, महेंद्र साहू, अभय प्रजापति, संजय प्रजापति, सिमरन मौर्य और एक 10 वर्षीय बच्चा शामिल हैं। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां रेबीज के इंजेक्शन भी लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बाद में सियार को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला। वन विभाग ने घायलों को नियमानुसार सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया है।