पन्ना जिले में वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। उत्तर पन्ना वन मंडल के पहाड़ीखेरा गांव में किसान राम स्नेही प्रजापति के खेत में आठ दुर्लभ गिद्धों और एक सियार के शव मिले हैं। शुरुआती आशंका है कि जहरीले पदार्थ से मरे सियार का शव खाने के बाद गिद्धों की भी मौत हो गई। वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है और मृत वन्यजीवों के विसरा सैंपल सागर व जबलपुर की प्रयोगशालाओं में भेजे गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।