प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगाज करेंगे। इस अभियान का लक्ष्य युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण से जोड़ना और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। माई भारत के युवा स्वयंसेवकों के नेतृत्व में यह अभियान देशव्यापी जन भागीदारी के रूप में शुरू होगा। शुरुआत में करीब 10 हजार स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम होंगे, जहां एक करोड़ से अधिक युवा नशे के खिलाफ राष्ट्रीय संकल्प लेंगे। प्रत्येक रविवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भोपाल में साइबर अपराधियों ने तीन नए तरीकों से कुल 6 लाख 58 हजार 350 रुपये की ठगी की है। पहले मामले में, एक व्यक्ति ने गूगल से डॉक्टर का नंबर खोजकर कॉल किया, जिसके बाद उसे फर्जी APK फाइल भेजकर बैंक खाते से 4 लाख 35 हजार 175 रुपये निकाल लिए गए। दूसरे मामले में, मोबाइल चोरी होने के बाद यूपीआई के जरिए 37 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। तीसरे मामले में, एक युवक और उसकी मां को पार्ट-टाइम जॉब का लालच देकर 1 लाख 86 हजार 175 रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने तीनों मामलों में जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।