BREAKING NEWS

Latest News

एफडीए ने नवी मुंबई में खाद्य पैकेजिंग धोखाधड़ी का भंडाफोड़ किया

एफडीए ने नवी मुंबई में खाद्य पैकेजिंग धोखाधड़ी का भंडाफोड़ किया है, जहां एम/एस साधना इंटरप्राइजेज में नामी कंपनियों के एक्सपायरी खाद्य उत्पादों को नए लेबल लगाकर बेचा जा रहा था। 24 से 29 अगस्त के बीच तुर्भे इलाके में हुई कार्रवाई में ₹76.51 लाख से अधिक का सामान जब्त किया गया। पुराने निर्माण और एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीखें छापी जा रही थीं। इस प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया है। एफडीए ने स्वच्छता खामियों के चलते अकोला के ब्लिंकिट और मुंबई के रेस्टोरेंट के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं, जहाँ गंदे नालों के पास खाद्य सामग्री और कॉकरोच पाए गए थे।

ढाई करोड़ रुपये का सोना चोरी: FASTag से पकड़े गए चोर, पटाखे की आवाज सुन हुए फरार

पिछले महीने कर्नाटक से मुंबई आ रही एक लग्जरी बस से 2 करोड़ 63 लाख रुपये मूल्य के 2 किलो सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। नवी मुंबई पुलिस ने गहन जांच के बाद बस के रूट पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो का पता लगाया। फास्टैग लेनदेन के माध्यम से पुलिस सोलापुर स्थित एक व्यक्ति तक पहुंची, जिसने अपने रिश्तेदार का नाम बताया। नवी मुंबई से 50 पुलिसकर्मियों की टीम आरोपियों के गांव पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर एक पटाखा फोड़ दिया गया, जिससे चोर सतर्क होकर फरार हो गए। पुलिस अभी भी आरोपियों की तलाश कर रही है।