भिंड के गोहद थाना अंतर्गत खितौली गांव में रविवार सुबह पूर्व सरपंच शब्बीर खान (52) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सैय्यद वली की दरगाह के पास हुई, जहां जमीन और पुरानी चुनावी रंजिश को लेकर विवाद के बाद उनके भानजे हफीज खान और फरमान खान ने कथित तौर पर उन पर फायर कर दिया। घायल शब्बीर खान को गोहद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।