मध्य प्रदेश में हाल ही में पांच फर्जी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने लाखों रुपये की ठगी की। इनमें तृप्ति सिंह राजपूत ने खुद को आईएएस और MPSTDC की एडिशनल डायरेक्टर बताया, वहीं आठवीं पास विकास गौतम ने सोशल मीडिया पर खुद को आईपीएस अधिकारी दर्शाया। एम.टेक पासआउट ऋषि कुमार यादव ने गलत स्पेलिंग वाले नियुक्ति पत्र के कारण पोल खुलने पर गिरफ्तारी हुई। हिमांशु पांचाल ने ‘आईएएस राज सोनी’ बनकर इंदौर के होटलों और ड्राइवरों को निशाना बनाया। दिल्ली निवासी अतुल कुमार ने खुद को नागरिक उड्डयन मंत्रालय का संयुक्त सचिव बताकर उज्जैन के महाकाल मंदिर में वीआईपी सुविधा का दबाव बनाया।
उच्च न्यायालय ने पन्ना कलेक्टर उषा परमार के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट निरस्त कर दिया है। कलेक्टर ने न्यायमूर्ति दीपक खोत की एकलपीठ के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर माफी मांगी और आदेश के पालन की जानकारी दी। यह वारंट पूर्व के आदेश का पालन न करने पर जारी किया गया था, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मचारी जाविन आरा रिजवी के नियमितीकरण सहित अन्य मांगों पर 90 दिनों में अभ्यावेदन निराकरण के निर्देश थे। अवमानना याचिका दायर होने के बाद भी कलेक्टर की ओर से उपस्थिति दर्ज नहीं कराई गई थी, जिसके चलते गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
जबलपुर में नवनियुक्त डिप्टी कलेक्टर हिमांशु सोनी ने मंगलवार को व्हीलचेयर पर पदभार ग्रहण किया। शारीरिक चुनौती के बावजूद घर से ऑनलाइन पढ़ाई कर एमपीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हिमांशु ने पहले ही दिन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के साथ जनसुनवाई में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की भुगतान, मुआवजा और राजस्व से संबंधित 124 समस्याओं को सुना। कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। हिमांशु के पिता ने कहा कि उनके बेटे ने साबित किया कि हौसले के आगे कोई चुनौती बड़ी नहीं होती।