जबलपुर, डिंडौरी और सतना में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गोवर्धन घी, ब्राउन चना और मिर्च पाउडर सहित कुल छह नमूने लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जबलपुर में ब्लिंकिट स्टोर से ₹12 हजार का गोवर्धन घी जब्त हुआ। सतना में गोवर्धन घी का ₹1 लाख से अधिक का स्टॉक सीज किया गया, जबकि डिंडौरी में डीएफ गोल्ड काउ घी और औषधा ब्रांड का ₹30,405 का घी जब्त हुआ। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल में 10 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की सुविधा शुरू की गई है, जिससे किराए के कमरों में रहने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को रसोई की व्यवस्था में आसानी होगी। यह सुविधा मंगलवार से शहर की तीन गैस एजेंसियों – रघु गैस एजेंसी, अभिमन्यु गैस एजेंसी और आरके डिस्ट्रीब्यूटर – के माध्यम से उपलब्ध है। उपभोक्ता ब्लिंकिट पर सिलिंडर की बुकिंग कर सकेंगे, जिसकी डिलीवरी चार घंटे के भीतर की जाएगी। 10 किलो एफटीएल सिलेंडर के लिए 3,186 रुपये की सिक्योरिटी राशि और 1,550 रुपये का रिफिलिंग शुल्क निर्धारित किया गया है। नया कनेक्शन लेने के लिए केवल पहचान पत्र की आवश्यकता होगी।