डाक विभाग ने सावन माह में भगवान शिव का जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। अब भोपाल के सभी प्रमुख डाकघरों समेत प्रदेश के 43 प्रधान डाकघरों पर गंगोत्री और ऋषिकेश से लाया गया सीलबंद शुद्ध गंगाजल मात्र 30 रुपये में उपलब्ध होगा। इंस्पेक्टर ऑफ पोस्ट्स दिशा रघुवंशी के अनुसार, सावन के मद्देनजर सभी प्रधान डाकघरों में पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है और यह सुविधा विशेष कैंप व अलग काउंटर लगाकर भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, डाक विभाग ने साधारण डाक के लिए स्पीड पोस्ट जैसी ट्रैकिंग हेतु बारकोड व्यवस्था भी प्रारंभ की है।