BREAKING NEWS

Latest News

टीवीएस ने उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में 300 एकड़ भूमि की मांग की

उज्जैन की विक्रम उद्योगपुरी में प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता टीवीएस ने 300 एकड़ भूमि की मांग कर बड़े निवेश में रुचि दिखाई है। कंपनी एमपीआईडीसी से विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए यह भूमि चाहती है। यह प्रस्ताव उद्योगपुरी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे उज्जैन प्रदेश के प्रमुख विनिर्माण केंद्रों में और मजबूत होगा। उद्योगपुरी में अब तक 115 उद्यमियों को भूखंड आवंटित हुए हैं और 15,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सामाजिक अधोसंरचना और मेडिकल डिवाइस पार्क का भी तेजी से विकास हो रहा है, जिससे हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

ग्वालियर में बनेगा देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन

देश का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन ग्वालियर में स्थापित किया जाएगा। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में दिल्ली में केंद्र सरकार के दूरसंचार मंत्रालय और मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। केंद्र सरकार ने प्रथम चरण के बुनियादी ढांचे के लिए 500 करोड़ रुपये की शत-प्रतिशत वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। यह जोन 350 एकड़ में बनेगा, जिसमें 5जी और 6जी तकनीकों सहित उन्नत सुविधाएं होंगी। इससे 9 हजार करोड़ रुपये तक का निवेश और 10 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे।