दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह भाजपा के आशुतोष तिवारी से आगे चल रहे हैं। इन शुरुआती रुझानों के कारण राजधानी भोपाल में राजनीतिक माहौल में बदलाव आया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सन्नाटा पसरा है, जबकि कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता ढोल-धमाकों पर थिरकते हुए खुशी जाहिर कर रहे हैं। इस चुनाव में कुल 21 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह प्रमुख हैं। अंतिम परिणाम मतगणना पूरी होने के बाद ही घोषित होंगे।