केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। गृह मंत्रालय ने मुख्य सचिवों को भेजे संदेश में नियमों की जानकारी की कमी पर चिंता जताई और व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कागज के तिरंगे को कार्यक्रम के बाद जमीन पर नहीं फेंकना चाहिए और फटा या क्षतिग्रस्त तिरंगा प्रदर्शित नहीं करना चाहिए। फ्लैग कोड में संशोधन के बाद अब दिन-रात तिरंगा फहराया जा सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, जो देश की सामूहिक शक्ति का प्रतीक है।
महान स्वतंत्रता सेनानी और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ के अभिकल्पक पिंगली वेंकैया की जयंती रविवार को मनाई गई। 2 अगस्त 1876 को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में जन्मे वेंकैया को उनकी जयंती पर देश के कई प्रमुख नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल हैं। नेताओं ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर वेंकैया के राष्ट्र के प्रति अमूल्य योगदान और दूरदृष्टि को याद किया, जिसने भारत की एकता और स्वाभिमान के प्रतीक तिरंगे को आकार दिया।