इंदौर के बदहाल ट्रैफिक पर हाई कोर्ट ने पुलिस प्रशासन पर सख्त टिप्पणी की है। न्यायालय ने सड़कों पर सुधार न होने, हूटर और नंबर प्लेट विहीन वाहनों पर कार्रवाई न होने तथा लगातार ट्रैफिक जाम पर चिंता जताई। कोर्ट ने पुलिस प्रशासन से भारी वाहनों के प्रवेश पर उठाए गए कदमों और पूर्व निर्देशों के पालन पर विस्तृत जवाब मांगा है। अधिवक्ता मनीष यादव ने बताया कि अधिकारियों ने नए प्रयोगों के हवाई दावों से भ्रमित किया है, जबकि जमीन पर स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। अगली सुनवाई सितंबर के अंतिम सप्ताह में होगी।
प्रदेश में अवैध हूटर लगाकर वीआईपी रुतबा दिखाने के खिलाफ यातायात पुलिस ने बीते ढाई साल में 1 हजार से अधिक चालान काटे हैं। इंदौर में सर्वाधिक 255 से अधिक और भोपाल में 141 चालान दर्ज हुए। मुरैना में 100 से अधिक और भिंड में 92 चालान कटे, जबकि टीकमगढ़ में कोई मामला नहीं आया। 1 लाख रुपये से अधिक की चालान राशि सरकारी खजाने में जमा नहीं हो पाई है, जिसमें देवास और इंदौर के आंकड़े शामिल हैं। हूटर का उपयोग केवल अधिकृत आपातकालीन वाहनों को ही अनुमत है।