विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्रिक्स बिजनेस फोरम में कहा कि तेजी से बदलती वैश्विक राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था में अस्थिरता व अनिश्चितता बढ़ी है। उन्होंने ब्रिक्स देशों के लिए आर्थिक गतिविधि और सुरक्षा बढ़ाकर आत्मनिर्भरता मजबूत करने पर जोर दिया। जयशंकर ने कारोबार, आपूर्ति नेटवर्क, ऊर्जा सुरक्षा और पारदर्शी व्यापार को इस लक्ष्य के लिए अहम बताया। 12 सितंबर से शुरू होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इन्हीं आर्थिक और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है, जिसमें वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, सीमा पार भुगतान और राष्ट्रीय मुद्राओं के उपयोग जैसे विषय शामिल होंगे।
भारत और उज्बेकिस्तान ने रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, माइनिंग, शिक्षा और संस्कृति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। नई दिल्ली में सोमवार को हुई बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार सैदोव ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान नेताओं ने क्षेत्रीय चुनौतियों और बहुपक्षीय सहयोग पर भी अपने विचार साझा किए। उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री सैदोव इन दिनों भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।