राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आगामी नवरात्रि, दिवाली और छठ पूजा के दौरान स्थानीय वेंडर्स, फेरीवालों, कुम्हारों और छोटे कारोबारियों की आजीविका और मानवाधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आयोग ने कहा कि बिना वजह वेंडरों को न हटाया जाए और यदि जगह खाली कराना आवश्यक हो तो वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए। यह निर्देश पिछले साल त्योहारों के मौसम में वेंडरों को कथित तौर पर बिना वजह हटाने और परेशान करने की शिकायतों के बाद जारी किए गए हैं। आयोग ने ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने और 18 अक्टूबर 2026 तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।
मध्य प्रदेश गारमेंट सेक्टर में प्रगति कर रहा है, धार जिले में पीएम मित्र पार्क पर काम शुरू हो गया है, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। उज्जैन में यूनिटी मॉल अगले माह तक पूरा होगा, जहाँ देशभर के उत्पाद उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हथकरघा सप्ताह में ये घोषणाएं कीं और ‘मृगनयनी डॉट कॉम’ तथा ‘ओडीओपी मार्ट एमपी’ ई-कॉमर्स पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कुटीर एवं ग्रामोद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र के तहत उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है।