छतरपुर जिले के सटई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार सुबह 35 वर्षीय मथू पाल की कथित तौर पर डॉक्टर न मिलने के कारण मौत हो गई। सीने में तेज दर्द उठने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए और युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोप है कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सटई बस स्टैंड पर चक्काजाम कर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें डॉक्टरों की नियमित तैनाती और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस और तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।