जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग के एक वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जब्बार उर्फ मामू खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पाटन बायपास सर्विस रोड से एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया। इस मामले में पूर्व में रितिक जायसवाल और प्रथम सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जिनकी पूछताछ में जब्बार का नाम सामने आया था। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी जब्बार एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 11 मामले दर्ज हैं।
बड़वानी जिले की सिलावद पुलिस ने भिंड के दो हथियार तस्करों, विपेंद्रसिंह सिकरवार और अंकुशसिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। उनके पास से छह देशी 32 बोर पिस्टल और छह देशी 12 बोर कट्टे सहित कुल 12 अवैध हथियार जब्त किए गए। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर पलसूद-सिलावद मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ये हथियार पलसूद के सिकलीगर कृष्णा से खरीदकर भिंड के बबलू ठाकुर के लिए ले जा रहे थे। पुलिस फरार बबलू ठाकुर और सिकलीगर की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड पाया गया है।