BREAKING NEWS
2026-07-29

लुंगी पहन पैंट चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचा ट्रक ड्राइवर, टीआई ने दिए 400 रुपये

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

भिंड स्थित देहात थाना उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के छल्ला गांव निवासी ट्रक चालक विपिन कुमार केवल लुंगी पहनकर अपनी पैंट चोरी होने की शिकायत लेकर थाने पहुंचा।

Advertisement

चालक ने पुलिस को बताया कि वह पैंट पहनकर सोया था, लेकिन जब उसकी नींद खुली तो पैंट गायब थी। पैंट की जेब में 1500 रुपये नकद, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी रखे थे।

हालांकि, शराब के नशे में होने के कारण वह यह भी नहीं बता सका कि घटना कहां हुई। नशे की वजह से उसे यह भी याद नहीं था कि वह कहां सोया था और कब पैंट गायब हुई।

जानकारी के अनुसार, विपिन कुमार ग्वालियर में ट्रक चलाता है। सोमवार को उसने अटेर क्षेत्र में ट्रक मालिक के सुपुर्द किया। इसके बाद उसने शराब पी और कहीं जाकर सो गया।

जब उसकी आंख खुली तो वह केवल लुंगी में था और उसकी पैंट गायब थी। इसके बाद वह सीधे देहात थाने पहुंच गया और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उसकी बात सुनकर हैरान रह गए।

कुछ देर बाद थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने उससे पूरी जानकारी ली। चालक ने बताया कि पैंट में नकदी के अलावा उसके जरूरी दस्तावेज भी थे।

चालक की स्थिति देखकर टीआई शिव प्रताप सिंह राजावत ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे घर लौटने के लिए 400 रुपये की आर्थिक सहायता दी। साथ ही, शराब से दूर रहने की समझाइश भी दी।

टीआई की बात सुनकर विपिन भावुक हो गया और बोला, ‘साहब, कसम से अब कभी दारू नहीं पीऊंगा।’ इसके बाद उसने पुलिस का धन्यवाद किया और अपने घर के लिए रवाना हो गया।

यह घटनाक्रम दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।