BREAKING NEWS
इंदौर में वर्षा का पूर्वानुमान, प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय: कई जिलों में भारी वर्षा, सीधी की मझौली में सर्वाधिक 124.4 मिमी दर्ज मध्य प्रदेश सरकार ने 7,765 करोड़ रुपये से अधिक का प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया, भावांतर योजना को 2,313 करोड़ रुपये कोलार की चिनार सेवन माइल कॉलोनी: 900 परिवारों की शिकायत पर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश भोपाल में स्मार्ट बाइसिकल शेयरिंग सेवा नए सिरे से होगी शुरू, 500 स्मार्ट साइकिलें हुईं कबाड़ प्रदेश सरकार ने 7,765 करोड़ रुपये से अधिक का प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया, भावांतर योजना को सर्वाधिक 2,313 करोड़ रुपये
2026-07-22

अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग में अस्पताल में भर्ती होने और सर्जरी का किया जिक्र

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच,।

अमिताभ बच्चन ने सोमवार को अपने ब्लॉग में अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी और आईसीयू में भर्ती होने का उल्लेख किया। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह कब, किस अस्पताल में और कितने दिनों के लिए भर्ती थे। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, ‘अस्पताल में, एक सर्जरी के बाद और आईसीयू में, अनुभवी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखभाल में, फिर अस्पताल से छुट्टी और घर वापसी।’ उन्होंने आगे कहा कि यह घर वापसी का दौर शारीरिक रूप से, मानसिक रूप से और रोजमर्रा की जिंदगी के लिहाज से सबसे मुश्किल होता है। उन्होंने उल्लेख किया, ‘आप एक सम्मानित चैंपियन रहे हों और एक दिन हार आपके सामने खड़ी हो जाए। यह जिंदगी का सबसे कठिन दौर होता है।’ उन्होंने लिखा कि कुछ लोग इसका बहादुरी से सामना करते हैं, जबकि कुछ हार मान लेते हैं। अमिताभ बच्चन ने आगे लिखा, ‘जो लोग हिम्मत नहीं छोड़ते और डटे रहते हैं, वे हमेशा चैंपियन बने रहते हैं। और जो ऐसा नहीं कर पाते, वे अपनी पुरानी उपलब्धियों के सहारे जिंदगी बिताते हैं। यह हर इंसान की अपनी-अपनी पसंद होती है। दोनों में कुछ भी गलत नहीं है। स्वस्थ रहें, खुश रहें।’ ब्लॉग पोस्ट के बाद अमिताभ बच्चन ने सोमवार देर रात एक्स पर लिखा, ‘T 5806 – खेल समाप्त हो गया! पर काम चल रहा है।’

Advertisement

मई में अस्पताल में भर्ती होने की खबरें

इसी साल मई में अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थीं। 19 मई को पत्रकार विक्की ललवानी ने अपने यूट्यूब चैनल पर दावा किया था कि अमिताभ बच्चन को मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया था कि उन्हें 16 मई को भर्ती करवाया गया है। विक्की ललवानी ने यह भी कहा था कि वह खबर की पुष्टि करने के लिए मंगलवार शाम नानावटी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया था कि अमिताभ बच्चन को ए-विंग की तीसरी मंजिल पर रखा गया था और अभिषेक बच्चन भी पिता को देखने अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, दैनिक भास्कर ने खबर की पुष्टि करने के लिए परिवार के करीबी सूत्र से संपर्क किया, तो सामने आया था कि अमिताभ को 16 मई को नानावटी अस्पताल में रूटीन चेकअप के लिए ले जाया गया था। उन्हें हर महीने रूटीन चेकअप करवाते रहने की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद वह घर लौट आए थे। विक्की ललवानी का दावा था कि अमिताभ बच्चन 16 मई से अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन फैक्ट चेक में यह भी सामने आया था कि 17 मई यानी रविवार को अमिताभ बच्चन हमेशा की तरह फैंस से मिलने के लिए जलसा से बाहर आए थे। इसका वीडियो भी सामने आया था। अस्पताल में भर्ती होने की खबरों के बीच अमिताभ बच्चन ने 20 मई को आधिकारिक एक्स अकाउंट से कुछ अजीबोगरीब शब्दों के साथ एक पोस्ट की थी। उन्होंने रात 12 बजकर 3 मिनट पर लिखा- पिलोरी बड़ुंबा। इसके ठीक बाद उन्होंने 12 बजकर 20 मिनट पर ब्लॉग में लिखा था- चील जब होवे शांत तो भैया, तोते बोलन सुरु करें, इर बीर फत्ते, कहन ,चल हमऊ, पिलावे सुरु करें। बाजरे दी रोटी खा दी, फू पड़ियों दा, साग रे, मुंह में डालन लागै जैसे , बोलन लागे काग रे। एक रहे ‘हिल’ भैया की पढ़ाई का दर्पण; औ दूसर विलिंग्टन की याद। लव, प्रेयर एंड मोर।

अमिताभ बच्चन का पुराना स्वास्थ्य इतिहास

83 साल के अमिताभ बच्चन सिर्फ 25% लिवर पर ही जीवित हैं, उनका 75% लिवर खराब है। फिल्म कुली के सेट पर हुए हादसे के बाद डॉक्टर्स उन्हें चिकित्सकीय रूप से मृत घोषित कर चुके थे। उस समय 3-4 घंटे जिंदा रहना भी मुश्किल था, वह दर्द अमिताभ ने 4 दिन तक झेला। 26 जुलाई 1982 को अमिताभ बच्चन फिल्म कुली के लिए एक एक्शन सीक्वेंस शूट कर रहे थे। शॉट की मांग के अनुसार पुनीत इस्सर को अमिताभ को मुक्का मारना था और उन्हें टेबल पर जाकर गिरना था। यह काम बॉडी डबल का था, लेकिन अमिताभ ने परफेक्शन के लिए खुद इसे शूट किया। मुक्का तेज लगा जिससे टेबल का एक कोना अमिताभ के पेट पर लग गया। खून नहीं आया था, लेकिन दर्द से अमिताभ का बुरा हाल था। अस्पताल गए तो डॉक्टर्स सही कारण नहीं समझ सके। पेन किलर के सहारे अमिताभ ने दो दिन काटे, लेकिन जब दर्द बंद नहीं हुआ तो फिर उन्हें बेंगलुरु के सेंट फिलोमेना हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। अमिताभ बच्चन का एक्स-रे हुआ, लेकिन तब भी सही कारण पता नहीं चल सका था। कई टेस्ट हुए, लेकिन जब चोट का ही पता नहीं चला तो इलाज कैसे होता। तीसरे दिन जब दर्द असहनीय हुआ तो डॉक्टर्स ने दोबारा एक्स-रे कर उसे बारीकी से जांचा। देखा कि एक्स-रे में डायफ्राम के नीचे गैस दिख रही थी, जो लीकेज का संकेत थी। दरअसल, चोट लगने से अमिताभ की अंतड़ियां फट गई थीं और सही समय पर इलाज न मिलने पर इंफेक्शन फैल चुका था। चौथे दिन जाने-माने सर्जन एच. एस. भाटिया ने अमिताभ का केस देखा और तुरंत ऑपरेशन का सुझाव दिया। ऑपरेशन से पहले अमिताभ को 102 डिग्री बुखार हो गया और उनकी हार्टबीट 72 की जगह 180 हो गई। ऑपरेशन हुआ तो देखा कि अंदर से आंतें फट चुकी थीं। ऐसी कंडीशन में 3-4 घंटे जिंदा रहना भी मुश्किल था, लेकिन वह चार दिनों से जूझ रहे थे। चौथे दिन अमिताभ कोमा में चले गए। दो ऑपरेशन हुए और दो महीनों तक उन्हें हॉस्पिटल में रखा गया। हादसे से पहले ही अमिताभ बच्चन को लिवर की समस्या थी और साथ ही वह अस्थमैटिक भी थे। ऑपरेशन के अगले ही दिन उन्हें निमोनिया हुआ जिससे हालत और बिगड़ गई। बेंगलुरु में इलाज के बाद उन्हें एयरबस से मुंबई लाया गया था। क्रेन से उन्हें ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में स्ट्रेचर पर शिफ्ट किया गया था। 8 अगस्त को उनका दोबारा ऑपरेशन हुआ। अस्पताल के बाहर उनके चाहने वालों की चौबीसों घंटे भीड़ रहती थी। पूरे देश में कहीं पूजा करवाई जा रही थी तो कहीं यज्ञ। जया बच्चन खुद भी अमिताभ की सलामती के लिए सिद्धि विनायक गई थीं, लेकिन जब वह पहुंचीं तो देखा कि उनसे पहले ही कई लोग अमिताभ के लिए वहां पूजा कर रहे थे। लोगों की दुआएं रंग लाईं।