BREAKING NEWS
2026-08-12

असम बाढ़: मृतकों की संख्या 100 पहुंची

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच,।

असम में जारी बाढ़ की स्थिति के बीच मरने वालों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है। राज्य के कई बड़े हिस्से अब भी बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित है।
आपदा रिपोर्टिंग और सूचना प्रबंधन प्रणाली (डीआरआईएमएस) असम द्वारा रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, भीषण बाढ़ ने राज्य के कई इलाकों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। इस बाढ़ में अब तक 60 पुरुषों, 23 महिलाओं और 18 बच्चों (12 लड़के और 6 लड़कियां) की जान जा चुकी है।
अधिकारियों ने शिवसागर जिले में मृतकों की संख्या से जुड़ा आंकड़ा संशोधित किया है। एक व्यक्ति की मौत गलती से एक ही नाम से दो बार दर्ज हो गई थी, जिसके कारण जिले में मृतकों की संख्या 50 से घटाकर 49 कर दी गई है।
सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में कछार जिला शामिल है, जहां 22 लोगों की मौत हुई है। शिवसागर में 49 और करीमगंज में नौ लोगों की जान गई है।
इसके अतिरिक्त, गोलाघाट में आठ लोगों की मौत हुई है। धेमाजी, नगांव, उदालगुड़ी, सोनितपुर और कार्बी आंगलोंग जिलों में भी लोगों के मरने की खबरें हैं।
जोरहाट जिले में बाढ़ से करीब 1.66 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जो 304 गांवों में फैले हैं। इस जिले में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

अन्य नुकसान और राहत कार्य

बाढ़ के कारण कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पशुधन की भी हानि हुई है।
असम के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत कार्य लगातार जारी हैं।
जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें जलस्तर पर नजर रख रही हैं और बाढ़ प्रभावित लोगों को सहायता पहुंचा रही हैं। केंद्र सरकार और असम सरकार लगातार राहत, पुनर्वास और मेडिकल सहायता उपलब्ध करा रही हैं।
अधिकारी यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि प्रभावित लोगों तक जरूरी सेवाएं और मदद पहुंचती रहे, ताकि जिले धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर लौट सकें।

छत्तीसगढ़ से वित्तीय सहायता

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए राज्य सरकार की ओर से पांच करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
यह राशि असम में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने असम के समकक्ष हिमंत बिस्व सरमा से फोन पर बात कर राज्य में बाढ़ की स्थिति की जानकारी भी ली।