BREAKING NEWS
2026-08-17

बीटेक छात्र ने नाम लेकर बुलाने पर चार जूनियरों पर चाकू से हमला किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के टीआईटी कॉलेज में एक बीटेक छात्र ने नाम लेकर बुलाने पर अपने चार जूनियर छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी छात्र अपने फ्लैट में सो रहा था, उसे बुलाने के लिए जूनियर छात्रों ने पहले दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खोलने पर जूनियर छात्रों ने उसे नाम लेकर आवाज लगाई। इस पर आरोपी छात्र अचानक उठा और दरवाजा खोलकर इसी बात पर झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने कमरे से सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और चारों छात्रों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में एक छात्र के पेट, दूसरे के कंधे और दो अन्य के हाथ में चाकू लगा है। घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र का नाम अनु कृष्णा साहू है, जो बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है। मूलतः बिहार निवासी कृष्णा सोनागिरी क्षेत्र में किराये के फ्लैट में रहता है। सोमवार को उसके सहपाठी रितिक ने अपनी बाइक की चाबी कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र दिव्यांश राजपूत को पिपलानी क्षेत्र में दी थी। रितिक ने दिव्यांश से बाइक की चाबी कृष्णा के फ्लैट पर पहुंचाने को कहा था। दिव्यांश अपने सहपाठी पीयूष पटेल, आयुष और विपुल के साथ कृष्णा के फ्लैट पर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने के बाद भी कृष्णा ने दरवाजा नहीं खोला तो कुछ देर बाद जूनियर छात्रों ने उसे नाम लेकर आवाज दी। इससे नाराज होकर कृष्णा ने विवाद शुरू कर दिया और कहा कि सीनियर का नाम कैसे लिया। जब युवकों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह और भड़क उठा। आरोप है कि बहस के बाद वह अंदर गया और चाकू लेकर आया तथा चारों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में दिव्यांश के कंधे, पीयूष के हाथ, आयुष के पेट और विपुल के हाथ में चोट आई। चारों को खून से लथपथ देखकर कृष्णा मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर एसआई नीतेश मुजालदे की टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, सभी घायल छात्रों की हालत खतरे से बाहर है।

युवती से बातचीत पर युवक पर हमला

निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड, करोंद में युवती से बात करने पर दो भाइयों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक पड़ोस में रहने वाली एक युवती से फोन पर बात करता था। इसकी भनक जब युवती के भाइयों को लगी तो उन्होंने युवक को घेरकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय रेहान मंसूरी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में रहता है। मंगलवार शाम को वह घर के सामने खड़ा था, तभी क्षेत्र में रहने वाली युवती के भाई आशु और छोटू वहां पहुंचे। उन्होंने रेहान से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने चाकू निकालकर रेहान के पेट पर वार किया। बचाव में हाथ आगे करने पर चाकू उसकी उंगलियों में भी लगा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

पुरानी रंजिश में नाबालिग पर तलवार से हमला

छोला मंदिर थाना क्षेत्र के शंकर नगर में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने एक 17 वर्षीय नाबालिग पर तलवार से हमला कर दिया। शंकर नगर क्षेत्र में रहने वाले अभिषेक मेहरा और गौरीशंकर अहिरवार का नाबालिग से पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार को दोनों का नाबालिग से आमना-सामना हुआ तो एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। उन्होंने नाबालिग पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।