BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी भोपाल के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक फर्जी (फेक) आईडी बनाने का मामला सामने आया है।

Advertisement

मामला संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से अलर्ट जारी किया है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस फर्जी आईडी को न तो फॉलो करें और न ही इससे प्राप्त किसी संदेश का जवाब दें।

शातिर साइबर ठगों ने फेसबुक पर ‘प्रियंक मिश्रा IAS’ नाम से यह फर्जी प्रोफाइल तैयार की है।

लोगों को झांसे में लेने और प्रोफाइल को असली दिखाने के लिए इसमें कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के साथ अपर कलेक्टर सुमित पांडेय और जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी की तस्वीर (डीपी) लगाई गई है।

कलेक्टर कार्यालय भोपाल के आधिकारिक हैंडल से नागरिकों को सतर्क करते हुए एक संदेश जारी किया गया है, जिसमें लिखा है: “यह एक फेक प्रोफाइल है। कृपया इसे फॉलो या सब्सक्राइब न करें और इससे प्राप्त किसी भी संदेश का जवाब न दें। इस प्रोफाइल को तुरंत रिपोर्ट एवं ब्लॉक करें। – कलेक्टर कार्यालय भोपाल”

भोपाल में कलेक्टर के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगने का यह पहला मामला नहीं है।

लगभग दो साल पहले भोपाल के तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के नाम से भी फर्जी आईडी बनाई गई थी।

उस समय ठगों ने ग्रामीणों को ‘संबल योजना’ की राशि खाते में ट्रांसफर करने का झांसा देकर 3 हजार रुपये से 10 हजार रुपये तक की मांग की थी।

फंदा जनपद क्षेत्र के 2-3 ग्रामीणों ने झांसे में आकर ठगों के खातों में रुपये ट्रांसफर भी कर दिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और साइबर सेल अब इस नई फर्जी आईडी बनाने वाले का पता लगाने में जुट गई है।