बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इनमें जहांगीराबाद क्षेत्र में टेलीग्राम पर ऑनलाइन टास्क और रोजाना कमाई का झांसा देकर एक व्यक्ति से 5.41 लाख रुपये ठग लिए गए। वहीं, बैरागढ़ क्षेत्र में फेसबुक पर सस्ती बाइक बेचने का झांसा देकर 56,150 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टेलीग्राम पर ऑनलाइन टास्क के नाम पर ठगी
जहांगीराबाद क्षेत्र में पवन विश्वकर्मा (54) नामक व्यक्ति से टेलीग्राम पर ऑनलाइन टास्क और रोजाना कमाई का झांसा देकर 5,41,910 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मोतिया तालाब क्षेत्र के निवासी पवन विश्वकर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि 8 मार्च को उन्हें ‘केल्सी’ नाम की आईडी से टेलीग्राम पर एक संदेश प्राप्त हुआ था। इसके बाद ‘आहाना मेहता’, ‘सुषमा तिवारी’ और ‘दिनेश ठाकुर’ नामक आईडी से बातचीत के माध्यम से उन्हें विभिन्न टास्क दिए गए। शुरुआत में, 362 रुपये जमा करने के बाद पीड़ित को 120 रुपये वापस मिले, जिससे उसे भरोसा हुआ। इसके उपरांत, 9 से 13 मार्च के बीच पवन विश्वकर्मा ने अलग-अलग खातों और यूपीआई आईडी में कुल 5,41,910 रुपये जमा किए, हालांकि उन्हें केवल 21,600 रुपये ही लौटाए गए। आरोपी ठगों ने जमा की गई रकम निकालने के लिए आयकर के नाम पर और पैसे की मांग की, जिस पर पवन को संदेह हुआ। संदेह होने पर पवन ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पर सस्ती बाइक बेचने का झांसा देकर ठगी
बैरागढ़ थाना क्षेत्र में फेसबुक पर सस्ती बाइक बेचने का झांसा देकर सर्वोदय कॉलोनी निवासी जागेश्वर पटेल (40) से 56,150 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जागेश्वर पटेल ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 अगस्त की रात उन्हें फेसबुक पर 25 हजार रुपये कीमत की एक बाइक की तस्वीर दिखी थी। जब उन्होंने संपर्क किया, तो आरोपी ने खुद को धनंजय सालुके और सीआईएसएफ (CISF) में हवलदार बताया। आरोपी ने स्थानांतरण होने का हवाला देते हुए बाइक बेचने की बात कही और इसके समर्थन में दस्तावेज भी भेजे, जिससे जागेश्वर को भरोसा हो गया। भरोसा होने पर जागेश्वर ने पहले 1,500 रुपये भेजे। इसके बाद, ठग ने कोरियर और भुगतान अटकने का झांसा देकर अलग-अलग बार कोड पर रकम जमा कराई। आरोपी ने 54 हजार रुपये भेजने का एक स्क्रीनशॉट भी जागेश्वर को भेजा, लेकिन यह रकम उन्हें प्राप्त नहीं हुई। इसके उपरांत, आरोपी का फोन बंद हो गया, जिसके बाद पीड़ित ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

