BREAKING NEWS
2026-08-14

बेंगलुरु में ट्रैकिंग पर गया इंदौर का युवक लापता, गैजेट्स में मिले AI से खुदकुशी से जुड़े सवाल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बेंगलुरु।

दक्षिण भारत के कर्नाटक राज्य की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी क्षेत्र नेलामंगला स्थित शिवगंगे पहाड़ियों में ट्रैकिंग के लिए गया इंदौर का 31 वर्षीय युवक अद्वैत उपाध्याय लापता हो गया है। अद्वैत बेंगलुरु की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। वह दो दिन पहले ट्रैकिंग के लिए निकले थे।

Advertisement

उन्होंने अपनी मंगेतर को पहाड़ी पर घूमने जाने की जानकारी दी थी और यात्रा के लिए एक बाइक भी किराए पर ली थी। पुलिस के अनुसार, अद्वैत को दो दिन पहले सुबह साढ़े छह बजे शिवगंगे पहाड़ी की तलहटी से ऊपर चढ़ते हुए देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है और उनका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ बता रहा है।

परिवार की आशंका और पुलिस को मिले गैजेट्स

अद्वैत के परिवार ने आशंका जताई है कि सुनसान पहाड़ी पर अकेला पाकर लुटेरों ने उन्हें निशाना बनाया हो या किसी ने उनका अपहरण कर लिया हो। पुलिस को अद्वैत के होटल से उनके गैजेट्स भी मिले हैं, जिनकी सर्च हिस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से खुदकुशी से जुड़े सवाल पूछे गए थे।

पुलिस मामले में अपहरण, दुर्घटना और राहजनी सहित सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। युवक की तलाश के लिए घने पहाड़ी क्षेत्रों में डॉग स्क्वाड और तलाशी दलों के साथ बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ड्रोन से भी पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।

अलग-अलग टीमों को संभावित स्थानों पर भेजकर तलाशी कराई जा रही है। पुलिस ने आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया है। फिलहाल अद्वैत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।