बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल में डीसीपी जोन-4 कार्यालय से महज 500 मीटर दूर स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स को एक चोर ने निशाना बनाया। गांधीनगर के झूलेलाल मार्केट स्थित इस शोरूम में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई।
चोरी का तरीका और नुकसान
चोर शोरूम की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। वह करीब 45 मिनट तक शोरूम के भीतर रहा और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, चोर रात करीब एक बजे शोरूम में घुसा था।
भीतर एक कमरे में सोने के जेवर सुरक्षित लॉक होने के कारण आरोपित वहां तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद चोर ने बाहर से बंद एक दरवाजे का ताला तोड़ने का प्रयास किया, जिसमें उसे काफी समय लगा। ताला टूटने के बाद वह मुख्य काउंटर तक पहुंचा और वहां रखे चांदी के जेवर तथा करीब 20 हजार रुपये नकद समेटकर फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
बुधवार सुबह शोरूम खुलने पर चोरी का पता चला। संचालक मनोहर लाल हसवानी ने तत्काल गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का मानना है कि वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश इलाके और शोरूम की बनावट से अच्छी तरह परिचित था।

