BREAKING NEWS
2026-08-06

खुद को क्राइम ब्रांच बताकर युवक से लूटपाट, महिला समेत 4 गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक पर ड्रग तस्करी का आरोप लगाकर और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर उससे लूटपाट की। शिकायत मिलने पर मिसरोद पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

आरोपियों ने पहले ढाबे से लौट रहे तीन युवकों का लगभग एक किलोमीटर तक पीछा किया। कॉलोनी में पहुँचते ही उन्होंने युवक को ड्रग तस्करी का आरोप लगाकर रोक लिया और पूछताछ के बहाने उसे जबरन एसयूवी में बैठाने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, शिवा व्हिस्परिंग वुड्स, सलैया निवासी 22 वर्षीय अभिषेक राजपूत जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई। अभिषेक ने बताया कि 2-3 अगस्त की दरम्यानी रात वह अपने दोस्त अनुज साद और सिद्धार्थ लवंशी के साथ आर्यन ढाबा से खाना खाकर लौट रहे थे।

अभिषेक के अनुसार, रास्ते में एक एसयूवी लगातार उनका पीछा करती रही। कॉलोनी की पार्किंग में पहुँचते ही स्कार्पियो से तीन युवक और एक युवती उतरे। युवती ने खुद को क्राइम ब्रांच की अधिकारी बताया, जबकि अन्य युवकों ने अभिषेक पर ड्रग तस्करी का आरोप लगाते हुए तलाशी और पूछताछ के नाम पर उसे जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश की।

अभिषेक के विरोध करने पर एक आरोपी ने उसके गले से लगभग डेढ़ तोला सोने की चेन झपट ली। शोर सुनकर कॉलोनी के लोग बाहर निकल आए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए अरशद खान, फरहान खान, अरशद खान और पवित्रा लालजी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में उपयोग की गई कार जब्त कर ली है।

लूटी गई सोने की चेन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।