BREAKING NEWS
2026-07-29

पचमढ़ी जाने से मना करने पर 15 वर्षीय छात्र ने लगाई फांसी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के शिव नगर फेस-2 में शनिवार सुबह एक 15 वर्षीय छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर दोस्तों के साथ पचमढ़ी घूमने जाने की जिद कर रहा था, जिस पर स्वजन ने उसे मना कर दिया था। इसके बाद उसने मोबाइल मांगा, लेकिन वह भी नहीं दिया गया। इसी बीच उसने यह कदम उठा लिया।

मृतक छात्र की पहचान कृष्णा कुशवाह (15) के रूप में हुई है। उसके पिता बृजभान कुशवाह रेलवे स्टेशन पर स्टाल संचालित करते हैं। शनिवार तड़के बृजभान कुशवाह रोज की तरह अपने काम पर चले गए थे।

इसी दौरान कृष्णा ने दोस्तों के साथ पचमढ़ी जाने की इच्छा जताई और बताया कि वह पहले ही दोस्तों से घूमने जाने का वादा कर चुका है, लेकिन माता-पिता ने उसे अनुमति नहीं दी थी।

पिता के काम पर जाने के बाद कृष्णा ने अपनी मां और बहन से मोबाइल मांगा। मां ने मोबाइल देने से भी इन्कार कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए। कुछ देर बाद कृष्णा दूसरे कमरे में गया और मां की साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली।

सुबह करीब साढ़े छह बजे जब मां दूसरे कमरे में साड़ी लेने पहुंचीं, तो उन्होंने बेटे को फंदे से लटका देख चीख पड़ीं। स्वजन और पड़ोसियों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कृष्णा चार बहनों का इकलौता भाई था। वह 10वीं कक्षा का छात्र था और इस वर्ष उसकी सप्लीमेंट्री परीक्षा भी उत्तीर्ण नहीं हो सकी थी।

एसआई महेश सरयाम के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पढ़ाई को लेकर तनाव की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।