बुलंद सोच, भोपाल।

सरकारी कंपनी एलायंस एयर भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से समर सीजन के दौरान बंद हुई उड़ानों की भरपाई कर रही है। कंपनी की रीवा-भोपाल उड़ान रविवार से शुरू हो जाएगी। भोपाल के यात्रियों को 10 अगस्त से पटना एवं कोलकाता की उड़ान भी मिलने लगेगी।
समर शेड्यूल में इस बार भोपाल से 36 उड़ानों का संचालन हो रहा था। सीजन के बीच में इंडिगो ने अपनी गोवा उड़ान बंद कर दी थी। कुछ दिनों बाद नवीं मुंबई उड़ान भी बंद हो गई थी। एयर इंडिया ने दो उड़ानें कम कर दी थीं। बाद में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दिल्ली, मुंबई रूट पर तीन उड़ानें शुरू कर कम हुई उड़ानों की भरपाई की थी।
अब एलायंस एयर ने भोपाल से रीवा, पटना एवं कोलकाता का हवाई कनेक्शन जोड़ने की तैयारी की है। रीवा उड़ान रविवार से शुरू होगी। इसका औपचारिक शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू फ्लैग ऑफ के साथ करेंगे।
भोपाल से रीवा एवं पटना तक सीधी उड़ान शुरू होगी। कोलकाता जाने वाले यात्रियों को एक स्टापेज के साथ उड़ान मिलेगी। सप्ताह में तीन दिन वाया रीवा एवं तीन दिन पटना होकर यात्री कोलकाता जा सकेंगे। इन उड़ानों की शुरुआत के साथ ही भोपाल से एक बार फिर 16 जोड़ी यानी कुल 32 फ्लाइट मूवमेंट प्रतिदिन हो जाएंगे।
हवाई संपर्क और रूट
भोपाल से अब दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, रायपुर, अहमदाबाद, रीवा, पटना एवं कोलकाता का हवाई कनेक्शन जुड़ गया है। 10 शहरों के लिए प्रतिदिन 16 जोड़ी उड़ानों का संचालन होगा। दिल्ली रूट पर सर्वाधिक छह उड़ानों का संचालन होगा।
उड़ान अनुसूची
9 अगस्त से प्रस्तावित उड़ान संख्या 9आई 735-736 का शेड्यूल इस प्रकार है: रीवा से प्रस्थान दोपहर 3:40 बजे, भोपाल आगमन शाम 5:10 बजे। भोपाल से प्रस्थान शाम 5:35 बजे, रीवा आगमन शाम 7:05 बजे। रीवा से प्रस्थान शाम 7:05 बजे, कोलकाता आगमन रात्रि 9:40 बजे।
उड़ान संख्या 9आई 933 एवं 934 का 10 अगस्त से प्रभावी शेड्यूल इस प्रकार है: पटना से प्रस्थान दोपहर 1:45 बजे, भोपाल आगमन शाम 4:00 बजे। भोपाल से प्रस्थान शाम 4:25 बजे, पटना आगमन शाम 6:45 बजे। पटना से प्रस्थान शाम 7:05 बजे, कोलकाता आगमन रात्रि 8:35 बजे।

